किशोरी का अपहरण करके उसके साथ गैंगरेप करने के मामले में पुुलिस ने मुख्य आरोपी बसपा के जिला कोषाध्यक्ष व बसपा भाईचारा कमेटी के जिला कोआर्डिनेटर गौरव चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में बसपा नेता के ड्राइवर समेत चार आरोपी पहले ही जेल जा चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक संजीव त्यागी ने बुधवार को प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि मुरादाबाद के थाना मूंढापांडे के एक गांव निवासी ग्रामीण का आरोप था कि पांच माह पहले पटवाई थाना क्षेत्र के साप्ताहिक बाजार से उनकी 16 वर्षीय बेटी का अपहरण कर लिया गया था। इस मामले में पुलिस नेे चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी थी। 22 अक्तूबर को पुलिस ने कचहरी से किशोरी को बरामद कर लिया था। जहां पुलिस ने उसके कोर्ट में 164 के बयान कराए थे। किशोरी ने अपने बयान में कहा था कि करीब पांच माह पहले वह बाजार आई थी। इसके बाद वह बाजार से घर जा रही थी। इसी बीच बोलेरो सवार चार लोग उसका अपहरण करके ले गए थे।
उसके बाद फोन करने पर गौरव चौधरी आ गए। जहां पर बाबू और गौरव चौधरी ने रेप किया। बयान के बाद पुलिस को रात में सूचना मिली कि गौरव चौधरी बरेली गेट के पास है, पुलिस ने यहां से उसे दीवार फांदकर भागते समय दबोच लिया। इस मामले में पुलिस मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा निवासी बाबू, जो गौरव का ड्राइवर बताया जा रहा है, मुकेश, टिम्मा, अमित व आकाश को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जबकि पुलिस ने सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के ज्वाला नगर निवासी गौरव चौधरी जो कि मौजूदा समय में बसपा जिला इकाई का कोषाध्यक्ष और भाईचारा कमेटी का कोआर्डिनेटर भी है, को बुधवार को जेल भेज दिया।
बचे एक आरोपी डब्लू को पुलिस गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। इधर, अपहरण और गैंगरेप के मामले में जेल भेजे गए गौरव चौधरी का कहना है कि सपा नेताओं के इशारे पर उसे इस घटना में झूठा फंसाया गया है। पुलिस ने कई दिन पहले से उसे पकड़कर बैठा लिया था। जबकि लड़की के बयान बाद में दर्ज हुए हैं।