रामपुर। नगर पालिका की ओर से करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से सड़कों और नालियों के निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। इनके वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिए गए हैं। लेकिन, निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सके थे। इस बीच लोकसभा उपचुनाव का एलान हो गया और आचार संहिता लग गई। जिसके चलते अब अगले माह ही इन निर्माण कार्यों को पूरा किया जा सकेगा।
नगर की नई कालोनियों में सड़कों और नालियों का बुरा हाल है। कच्ची गलियों के बीच लोग ऊबड़-खाबड़ गड्ढों से होकर गुजरने को मजबूर हैं। जिस कारण लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में नगर पालिका की ओर से कच्ची गलियों और नालियों को चिह्नित कर करीब 50 कार्यों के प्रस्ताव बोर्ड के समक्ष रखे थे, जिन्हें मंजूरी मिल गई थी। इसके बाद नगर पालिका ने इन कार्यों के टेंडर जारी कर दिए। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई, जिसके बाद वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिए गए। लेकिन, इससे पहले नालियों का निर्माण शुरू हो पाता कि लोकसभा उपचुनाव का एलान हो गया और आचार संहिता प्रभावी हो गई। लिहाजा, 50 कार्य लटक गए। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. विवेकानंद गंगवार ने बताया कि लोकसभा उपचुनाव संपन्न होने के बाद ही इन कार्यों को शुरू कराया जा सकेगा।