रामपुर। केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह सामाजिक सरोकार एवं सांस्कृतिक संरक्षण के लिए याद किए जाएंगे। उन्होंने कभी एक समाज या वर्ग के लिए काम नहीं किया, बल्कि देश और हर समाज व वर्ग के लिए काम किया। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर शोक जताते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह की पहचान एक शानदार शख्सियत के रूप में रही है। उन्होंने कमजोर, गरीब, पिछड़े समाज के लिए बहुत काम किए। हम उनकी पहचान किसी जाति या समुदाय के रूप में नहीं कर सकते, बल्कि जमीन पर उतरकर जिस तरह से उन्होंने सामाजिक सरोकारों को गढ़ा, वह उनकी पहचान है। लाखों-करोड़ों कार्यकर्ताओं को पार्टी के लिए गढ़ा। मुझे याद है कि 1991 में हमने पहली बार चुनाव लड़ा था। तब वह प्रदेश अध्यक्ष हुआ करते थे। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह ने गरीबों एवं पिछड़ों के उत्थान के लिए कार्य किए हैं। हम उन्हें सामाजिक एवं संस्कृति से ओतप्रोत संस्था के रूप में देखते हैं। निश्चित रूप से भाजपा को इस मुकाम तक पहुंचाने में उनका अहम योगदान था।