रामपुर। जिले के निजी अस्पतालों में भी जन्म और मृत्यु के पंजीकरण होंगे। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जिले के निजी अस्पतालों को इंफॉर्मेट आईडी उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू की गई। इस आईडी से निजी अस्पताल सीआरएस पोर्टल पर जन्म और मृत्यु का पंजीकरण कर सकेंगे। ऐसे में निजी अस्पतालों में होने वाले जन्म और मृत्यु के पंजीकरण के लिए लोगों को स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका, नगर पंचायत या ग्राम पंचायत जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
जिले में स्वास्थ्य लाभ लोगों को बेहतर ढंग से मिले, इसके लिए विभाग की ओर से पहल लगातार की जा रही है। अब विभाग ने निजी अस्पतालों को इंफॉर्मेट आईडी उपलब्ध कराने की तैयारी में जुटा है। जिसका उद्देश्य यह है कि निजी अस्पतालों में जन्मे बच्चे और मृत्यु का पंजीकरण तत्काल हो सके। जन्म और मृत्यु का डाटा सीआरएस पोर्टल पर अपलोड होगा और पोर्टल पर अपलोड होने वाले डाटा की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को मिलेगी। लोगों को प्रमाण पत्र बनवाने के लिए निजी अस्पताल के कार्ड को दिखाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।