शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे बाइक सवारों को मारी टक्कर, एक की मौत
शाहबाद (रामपुर)। बहन की शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे बाइक सवार दो लोगों को अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों बाइक सवार गंभीर अवस्था में सड़क पर गिर पड़े। जिनमें एक की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। बाद में दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। जहां उपचार के दौरान एक की मौत हो गई।
शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के जगेसर गांव निवासी विक्की अपने जीजा सतनाम (35) निवासी मोहलिया गांव को अपने साथ बाइक पर ले गया था। विक्की की बहन की शादी आगामी आठ मई को होनी है। वे शादी के काड़ॱर बांटने के लिए सैफनी गए हुए थे और वापस लौट रहे थे। रविवार दोपहर को शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के मित्तरपुर गांव पर एक अज्ञात वाहन चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों गंभीर अवस्था में बाइक से गिर पड़े। हादसे को देखकर घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। राहगीरों की मदद से दोनों को शाहबाद सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया और दोनों की हालत को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान सतनाम की मौत हो गई।