शाहबाद (रामपुर)। दोस्तों के साथ ममेरी बहन की शादी में जा रहे बाइक सवारों को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी और तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक बाइक सवार की घटना स्थल पर मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर मृतक परिजनों को सूचना दी। देर शाम को शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे के वक्त बाइक सवार हेलमेट लगाए हुए नहीं थे।
शाहबाद कस्बे के मोहल्ला नालापार निवासी रंजीत (23) अपनी ममेरी बहन के वैवाहिक कार्यक्रम में अपने दोस्त रेहान (18) और पंकज (25) के साथ बाइक पर सवार होकर बरेली के थाना सिरौली के गांव गुलड़िया जा रहे थे। बाइक रेहान चला रहा था। वैवाहिक कार्यक्रम में जाते समय शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के सीमावर्ती गांव सुहावा पर शाहबाद की ओर से आ रही एक रोडवेज बस ने ओवरटेक करते समय बाइक सवारों को साइड से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े।
दुर्घटना के बाद चीख पुकार मच गई। घटना स्थल पर तमाम ग्रामीण एकत्र हो गए। हादसे में बाइक सवार पंकज की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने आननफानन शाहबाद पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस शव को कब्जे में लेकर सीएचसी ले आई जबकि, घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी पहले ही भेज दिया गया था।
दुर्घटना में घायल हुए युवकों को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं, मृतक के परिजनों में कोहरात मच गया। समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से कोई भी तहरीर नहीं दी गई थी।
000
पिता को नहीं थी वैवाहिक कार्यक्रम में जाने की सूचना
शाहबाद। वैवाहिक कार्यक्रम में जाते समय सड़क हादसे का शिकार हुए बाइक सवारों में एक बाइक सवार पंकज की मौत हो गई। पंकज की मां माया और पिता रामचरन को वैवाहिक कार्यक्रम में जाने की कोई सूचना नहीं थी। अचानक मौत की खबर सुनकर परिवार वालों के पैरों तले से जमीन खिसक गई। उन्हें मालूम तक नहीं था कि उनके बेटे की मौत कैसे हुई है। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल था।