भोट। रामपुर-काठगोदाम नेशनल हाईवे पर कोयला टोल प्लाजा के पास शुक्रवार रात सड़क पर अचानक गोवंशीय पशु आ जाने से बाइक उससे टकरा गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार सिपाही घायल हो गया। पुलिस ने घायल सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, गंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला पीला तालाब निवासी गौरव (30) शुक्रवार रात करीब नौ बजे सिपाही परविंदर (28) के साथ बाइक से बिलासपुर से रामपुर की ओर जा रहे थे। परविंदर रामपुर में न्यायालय सुरक्षा में तैनात हैं। वह बिजनौर जिले के किरतपुर थाना क्षेत्र के फाजलपुर फतेहुल्लाह गांव के निवासी हैं।दोनों भोट थाना क्षेत्र में कोयला टोल प्लाजा के पास पहुंचे ही थे कि अचानक सड़क पर गोवंशीय पशु आ गया। इससे बाइक टकरा गई और दोनों सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल गौरव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल सिपाही का उपचार कराया गया। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह त्यागी ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।