रामपुर। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए रेल वन एप का बारकोड जारी किया है। इसे रामपुर रेलवे स्टेशन परिसर में विभिन्न स्थानों पर चस्पा किया गया है। यात्री अब कतार में लगे बिना मोबाइल से स्कैन कर ऑनलाइन टिकट और आरक्षण करा सकेंगे।
यह सुविधा यात्रियों को ट्रेन छूटने के डर और टिकट के लिए होने वाली परेशानी से राहत दिलाएगी। रामपुर रेलवे स्टेशन पर लंबे समय से स्टाफ की कमी के कारण केवल तीन काउंटर संचालित हो रहे थे। इनमें एक सामान्य टिकट, दूसरा आरक्षण और तीसरा पार्सल बुकिंग के लिए था। शाम के समय टिकट लेने के लिए भारी भीड़ लगती थी और यात्रियों को धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ता था।
स्टेशन अधीक्षक मो. आजम ने बताया कि बारकोड सुविधा से यात्रियों को काफी सहूलियत मिल रही है। नई व्यवस्था से समय की बचत होगी और अब यात्रियों को लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। मोबाइल से टिकट मिलने से यात्रा की योजना बनाना भी आसान हो गया है।