आठ दिसंबर से अब्दुल के अच्छे दिन की होगी शुरूआत: नवेद मियां
पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने कहा कि रामपुर विधानसभा चुनाव पर होने वाले उपचुनाव में जनता आजम खां के जुमलों में नहीं फंसने वाली है। उनके जलसों पर उनकी बातों को सुनकर लोग हंस रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब अब्दुल के अच्छे दिन आने वाले हैं। आठ दिसंबर से अब्दुल के अच्छे दिन की शुरूआत होगी। वह दरी नहीं उठाएगा बल्कि राज करेगा। नवेद मियां ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि आजम खां की हिमायत में जो नेता आ रहे हैं वो उस वक्त कहां थे जब आजम जुल्म कर रहे थे। सपा की सरकार में तो अब्दुल के घर तोड़ दिए। उनकी जमीनों पर कब्जा कर लिया गया। अब्दुल का कारोबार समाप्त हो गया। उसे चरस के झूठे मुकदमे में जेल भेजा गया। अब अब्दुल चैन से जिंदगी गुजार रहा है तो आजम खां को तकलीफ हो रही है। आजम तो यही चाहते हैं कि अब्दुल उनकी जी हजूरी करता रहे। अब्दुल ने अब ठान लिया है कि वह सिर उठाकर अपनी बात कहेगा, आजम खां की हां में हां नहीं मिलाएगा। उन्होंने कहा है कि उपचुनाव में सपा प्रत्याशी की संभावित हार को देखकर आजम खां बौखला गए हैं। वो अपनी सभा में ऐसी-ऐसी बातें कहने लगे हैं जिन्हें सार्वजनिक रूप से नहीं कहा जाना चाहिए।