प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां ने कहा कि वो संयुक्त राष्ट्र (यूएन) को दादरी की घटना से अवगत कराएंगे। इसके लिए उन्होंने यूएन के दिल्ली स्थित कार्यालय को पत्र भेजकर मिलने के लिए वक्त मांगा है। आजम खां ने कहा कि जिस वक्त केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज यूएन में पूरी दुनिया को मानवता का पाठ पढ़ा रही थीं, उस वक्त बिसाहड़ा के लोग पलायन कर रहे थे।
सपा कार्यालय पर शनिवार को पत्रकारों से आजम खां ने कहा कि बिसाहड़ा की घटना को लेकर वहां से सांसद की जिस तरह की प्रतिक्रिया आ रही है, उससे यही लग रहा है कि उनकी इस घटना में कोई भूमिका है। सांसद को इस घटना में षड्यंत्र रचने का आरोपी बनाने की मांग को लेकर मेरठ के मंडलायुक्त को पत्र भेजा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि दुनिया भर में शांति का संदेश देने वाले प्रधानमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं को खुला छोड़ दिया है। हिंदुस्तान में सीरिया जैसे हालात पैदा करने की कोशिश की जा रही है। गोमांस का कारोबार रोकने के लिए कड़ा कानून बनाया जाए।
पांच सितारा होटलों में जो बीफ (गोमांस) परोसा जा रहा है उस पर रोक लगाई जाए। मीट के निर्यात पर प्रतिबंध लगाया जाए। किसी भी पशु के साथ हिंसा क्यों? पशुओं को मारे जाने पर रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि बिसाहड़ा की घटना को लेकर राष्ट्रीय स्तर का गोलमेज सम्मेलन बुलाया जाए।
इस सम्मेलन में सेक्युलर राजनीतिक दलों, अकलीयत और दलित समाज के लोगों को शामिल जाए। इस मुद्दे पर मंथन किया जाए कि हमें अपने हम वतनों के साथ किस तरह का व्यवहार करना चाहिए।