अधिवक्ताओं की ओर से आजम खां के रिश्तेदार अब्दुल मतीन के निकाह से लेकर उनके वलीमा तक की सीडी पेश की गई। सीडी को कोर्ट रूम में चलाया गया था, जिसमें सपा के पूर्व विधायक अब्दुल्ला के बचपन की झलक दिखाई गई थी। उस समय अब्दुल्ला की उम्र ढाई साल बताई गई थी।
वीडियो में अब्दुल्ला मां तजीन फात्मा की गोद में दिखाया गया था। कोर्ट में आजम ने बहन निकहत अखलाक को भी कोर्ट में पेश किया। इसके अलावा कोर्ट में जौहर-डे की भी सीडी चलाई गई थी, जिसके जरिए भी आजम खां ने अपनी बेगुनाही के सुबूत पेश किए। वहीं सीडी बनाने वाले वीडियोग्राफर को भी कोर्ट में पेश किया गया।
आकाश 119 दफा और आजम 17 बार कोर्ट में पेश हुए
दो जन्म प्रमाणपत्र के मामले में भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने खूब दिलचस्पी दिखाई। तीन साल चली सुनवाई के दौरान उन्होंने 119 बार कोर्ट में पेश होकर अपना पक्ष रखा, जबकि सपा नेता आजम खां सिर्फ 17 बार ही कोर्ट में पेश हुए। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खां एक बार फिर अपने पूरे परिवार के साथ जेल की सलाखों के पीछे हैं। इसका सबसे बड़ा कारण भाजपा विधायक आकाश सक्सेना की मजबूत पैरवी और कागजी सबूत बताई गई है।
पूरे प्रकरण में 119 बार भाजपा विधायक कोर्ट में मौजूद रहे। जिसकी वजह से रामपुर से लेकर सुप्रीम कोर्ट के दिग्गज अधिवक्ता कपिल सिब्बल तक की दलीलें बेकार हो गईं। लेकिन, भाजपा विधायक आकाश सक्सेना को अब्दुल्ला आजम के दो-दो जन्म प्रमाणपत्र होने की बात जब पता लगी, तो उन्होंने दस्तावेजों को आधार बनाते हुए रिपोर्ट दर्ज करा दी।
जिसके बाद पुलिस ने जांच की और चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी। पूरे प्रकरण में भाजपा विधायक ने मजबूती से पैरवी की। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह पूरी सुनवाई में 119 बार कोर्ट में उपस्थित रहे। जबकि, आजम खां सिर्फ 17 बार ही कोर्ट पहुंच सके।