दढ़ियाल। ग्लोबल पीजी कॉलेज नरायनपुर के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत जागरूकता रैली निकालकर प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने का संदेश दिया। इस दौरान ग्रामीणों को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों से अवगत कराया।
शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के दूसरे दिन कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने शिविर स्थल ग्राम जटपुरा के प्राथमिक विद्यालय से रैली निकाली। रैली जटपुरा, नरायनपुर, मुवाना, पीपलीनायक ग्रामों के विभिन्न रास्तों से होते हुए पुन: शिविर स्थल पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लिए छात्र-छात्राओं ने जगह-जगह नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को प्लास्टिक से होने वाले दुष्परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने लोगों को प्लास्टिक की थैली के उपयोग से परहेज करते हुए कपड़े के थैले इस्तेमाल करने की सलाह दी। रैली का संचालन सह कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हिमांशु गुप्ता ने किया। शिविर के द्वितीय सत्र में जल संरक्षण विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता कालेज प्रबंधक योगेश कुमार चौहान ने की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए जल संरक्षण के महत्व और आवश्यकता पर प्रकाश डाला। छात्र विवेक सिंह, दिलशाद, शेखर, विनीत व छात्राओं कंचन, विशाखा काम्बोज, मुस्कान आदि ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किये। गोष्ठी का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ ममता शर्मा ने किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ एसपी शर्मा, मुनेश चौहान, घनश्याम सिंह, हरज्ञान सिंह, रुकैया परवीन, साइन परवीन आदि शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।