2022 के विधानसभा के चुनाव में स्वार से सपा नेता आजम खां के पुत्र अब्दुल्ला आजम चुनाव जीते थे। उन्होंने उस वक्त अपना दल (एस) के हैदर अली खां उर्फ हमजा मियां को 61,103 वोटों से मात दी थी। मुरादाबाद की कोर्ट ने अब्दुल्ला आजम को छजलैट प्रकरण के 15 साल पुराने मुकदमे में 13 फरवरी 2023 को दो साल की सजा सुना दी। इसके बाद 15 फरवरी को अब्दुल्ला की विधायकी खारिज करते हुए इस सीट को रिक्त घोषित कर दिया।
चुनाव आयोग ने कर्नाटन विधानसभा के चुनाव के साथ स्वार सीट पर उपचुनाव कराने का एलान किया था। उपचुनाव में भी भाजपा ने यह सीट अपना दल (एस) के लिए छोड़ दी और अपना दल (एस) ने स्वार के पूर्व पालिकाध्यक्ष शफीक अहमद अंसारी को अपना प्रत्याशी घोषित किया। वहीं सपा ने इस सीट से जिला पंचायत सदस्य अनुराधा चौहान को अपना उम्मीदवार बनाया।
इस सीट पर 10 मई को मतदान हुआ। वोटों की गिनती शनिवार को सुबह 10 बजे से रामपुर मंडी समिति में हुई। पहले राउंड से ही शफीक अंसारी ने बढ़त बना ली। वो सिर्फ 9 वें राउंड में 430 वोटों से पिछड़े। इसके बाद वो फिर से उन्होंने बढ़त बना ली। जब आखिरी राउंड की गिनती समाप्त हुई थे शफीक अनुराधा के मुकाबले 8724 मतों से आगे थे। इसके बाद उनको इस सीट से विजेता घोषित करते हुए आरओ ने उनको जीत का प्रमाणपत्र दे दिया। शफीक ने इस जीत को जनता की जीत बताते हुए कहा कि आज आजम खां घमंड टूट गया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र का विकास करना होगा।