फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kisan Andolan News: भारत बंद पर मुरादाबाद मंडल में अलर्ट, रामपुर में किसान नजरबंद, अमरोहा-संभल में भी नारेबाजी

Fri, 16 Feb 2024 11:20 AM IST
विमल शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद

सार

 Farmers Protest News: मुरादाबाद मंडल में भारत बंद का ज्यादा असर नहीं दिख रहा है। सभी जिलों में किसानों ने प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद प्रशासन के माध्यम से मांगपत्र भेजा गया। रामपुर में पुलिस किसान नेताओं के घरों पर तैनात है। अमरोहा और संभल में रेल रोकने की आशंका को लेकर रेलवे बल स्टेशनों पर तैनात कर दिया गया है। 
विज्ञापन
किसानों के रेल रोकने के पहले स्टेशन पर तैनात बल - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

किसानों का भारत बंद का मुरादाबाद मंडल में खास असर नहीं दिख रहा है। यूपी में भारत बंद के आह्वान को लेकर भाकियू टिकैत गुट के साथ विभिन्न संगठनों पर पुलिस की नजर है। रामपुर में भाकियू टिकैत और तराई किसान संगठन संयुक्त किसान मोर्चा में शामिल है। ऐसे में भारत बंद को लेकर पुलिस व जिला प्रशासन अलर्ट है।

विज्ञापन


जिले में ड्रोन से कई जगहों पर निगरानी की जा रही है। इस बीच पुलिस ने कई किसानों को नजरबंद भी किया है। भारत बंद को सफल बनाने को लेकर किसानों की पूरी तैयारी है। ऐसे में किसान दिल्ली कूच न करें, इसके लिए पुलिस व जिला प्रशासन की नजरें किसान नेताओं पर हैं।

 

 

 

स्वार में भाकियू तोमर के पदाधिकारियों को दिल्ली जाने से रोका गया। बुधवार की देर रात कोतवाली पुलिस ने गूलड़ पीपलसाना गांव स्थित भारतीय किसान यूनियन टिकैत के कार्यालय पर डेरा डाल दिया और किसान नेताओं को नजरबंद कर लिया।

कोतवाल संदीप त्यागी पुलिस बल के साथ गूलड़ पीपलसाना में मौजूद रहे। यहां भाकियू कार्यालय पर पदाधिकारी मौजूद थे, जो दिल्ली कूच और 16 फरवरी को भारत बंद को लेकर चर्चा कर रहे थे। कोतवाल संदीप त्यागी ने भाकियू के जिला सलाहकार सलामत जान से दिल्ली कूच के बारे में जानकारी ली।

 
 
 

पुलिस ने यहां बैठे किसान नेताओं और किसानों की देर रात तक निगरानी की उसके बाद पुलिस चली गई। भाकियू नेता सलामत जान ने बताया कि 16 फरवरी को भारत बंद कार्यक्रम को सफल बनाना है। किसान खेतों पर काम नहीं करेंगे और नगर और ग्रामीण क्षेत्र में व्यापारियों से भी बाजार बंद की भी अपील की।

उसके बाद दिल्ली जाने की रणनीति बनाई जाएगी। नजरबंद के दौरान किसान नेता शकील अहमद, अहमद नबी अफसर अली लईक हाफिज, रफत अली और सुंदर सिंह आदि किसान मौके पर मौजूद रहे।

शाहबाद में पुलिस ने किसानों को रोका 

दिल्ली में किसानों के प्रदर्शन और 16 फरवरी को भारत बंद के एलान के बाद शाहबाद में किसानों ने चौराहे पर एकत्रित होना शुरू किया। किसानों को एकत्रित होते देख पुलिस अलर्ट हो गई और मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद किसानों के  लाउडस्पीकर को बंद कराकर उन्हें वापस लौटाया। 

भाकियू टिकैत के प्रदेश सचिव दरियाव सिंह के नेतृत्व में किसानों ने भारत बंद को लेकर कार पर लाउडस्पीकर के माध्यम से शाहबाद के रामपुर चौराहे पर भारत बंद में व्यापारियों से समर्थन की अपील की। इसी दौरान रामपुर चौराहे पर प्रदेश सचिव दरियाव सिंह ने संबोधित किया। सूचना पाकर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने किसानों को वापस लौटा दिया।

 
 
 

भारत बंद को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट

एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि किसानों के भारत बंद के एलान को लेकर जिला पुलिस सतर्क है। सभी थानाध्यक्षों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। किसानों के आंदोलन पर पूरी निगाह रखी जाएगी। माहौल बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी। ड्रोन से भी किसान आंदोलन पर निगाह रखी जाएगी।
 
विज्ञापन

गजरौला में नजरबंद किए भाकियू चढ़ूनी के जिलाध्यक्ष

अमरोहा में भाकियू चढ़ूनी के जिलाध्यक्ष नरेश चौधरी को टोल फ्री का एलान करने पर पुलिस ने नजरबंद कर लिया। जानकारी मिलते ही गजरौला इंस्पेक्टर हरीश वर्धन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए थे। बाजार में भी पुलिसबल मुस्तैद हो गया।

चौधरी चरण सिंह नगर मोहल्ला निवासी नरेश चौधरी भाकियू चढ़ूनी गुट के जिलाध्यक्ष हैं। शुक्रवार की सुबह उन्होंने एलान किया था कि वह संगठन के पदाधिकारियों के साथ हाईवे के टोल को फ्री करा देंगे। उनके एलान की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई।

इंस्पेक्टर हरीश वर्धन सिंह पुलिस बल के साथ भाकियू चढ़ूनी के जिलाध्यक्ष नरेश चौधरी के घर पहुंच गए। उनको नजरबंद कर लिया गया। उधर बाजार में भी पुलिस जगह-जगह मुस्तैद हो गई। सीओ श्वेताभ भास्कर ने पुष्टि करते हुए कहा कि भाकियू चढ़ूनी गुट के जिलाध्यक्ष को घर पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है।

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें