शाहबाद(रामपुर)। तहसील परिसर में नामांतरण पत्रावलियों में हो रही देरी और भ्रष्टाचार के खिलाफ अधिवक्ताओं का आक्रोश बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। एसडीएम और तहसीलदार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अधिवक्ताओं ने कलमबंद हड़ताल रखी और तहसील परिसर में जोरदार नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला।
अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो हड़ताल अनिश्चितकाल तक जारी रहेगी। हड़ताल के कारण न्यायिक कार्य पूरी तरह ठप रहा और स्टांप की बिक्री भी बंद रही। इससे दूर-दराज के गांवों से आए वादकारियों को बिना काम लिए मायूस लौटना पड़ा।
अधिवक्ताओं का कहना है कि नामांतरण से जुड़ी पत्रावलियां लंबे समय से लंबित हैं, जिससे आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है। प्रदर्शन में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष तकरीर उर रहमान के नेतृत्व में मासूम मियां, आनंदपाल सिंह, सरदार जसवंत सिंह, विवेक पांडे, रामौतार यादव, मनोज भरद्वाज, मुनेश यादव समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल रहे।