रामपुर। उत्तर प्रदेश जल निगम जल संस्थान मजदूर यूनियन के पदाधिकारियों ने नियमित फील्ड कर्मचारियों को दूसरे विभागों में समायोजित करने की कार्यवाही को निरस्त करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा है।
बुधवार को यूनियन के अध्यक्ष नफीस अहमद के नेतृत्व में तमाम कर्मचारी एकत्र होकर कलक्ट्रेट आ गए। उनका कहना था कि विभाग की ओर से नियमित फील्ड कर्मचारियों को दूसरे विभागों में समायोजित करने का कार्य किया जा रहा है, जबकि विभाग की योजनाओं के हिसाब से कर्मचारियों को तैनात किया जा सकता है। इससे जहां विभाग को अतिरिक्त कर्मचारियों का बोझ नहीं उठाना पड़ेगा, वहीं विभागीय फील्ड कर्मचारी अपने ही विभाग में कार्य करने से संतुष्ट रह सकेंगे। इसके अलावा सरकार की ओर से तमाम नई पेयजल योजनाओं एवं सीवर योजनाओं को बनाने का कार्य किया जा रहा है, जिन्हें संचालित करने के लिए विभाग को प्रशिक्षित एवं कुशल कर्मचारियों की जरूरत होगी, इससे वह भी पूरी हो जाएगी। इसके अलावा उन्होंने 10581 पदों के सापेक्ष 1990-91 में विनियमित किए गए फील्ड कर्मचारियों की पेंशन जारी करने, मृतक आश्रितों के पदों पर नियुक्ति कराने, जल निगम के सुदृढ़ीकरण के नाम पर जल निगम का विभाजन रोकने की मांग की है। इस मौके पर आकाश, इकबाल, सुखलाल, हरिओम गुप्ता, जाकिर, अहमद नवी, मुकेश, सुंदर आदि मौजूद रहे।