सैफनी/शाहबाद (रामपुर)। शराब उधार नहीं देने से गुस्साए आरोपी ने सेल्समैन की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस ने करीब डेढ़ माह बाद आरोपी को हत्या में प्रयुक्त तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
शाहबाद के मोहल्ला फर्राशाना निवासी दीपक (35) सैफनी थाना क्षेत्र के मधुपुरी गांव में एक देसी शराब की दुकान पर सेल्समैन थे। 25 जनवरी की रात को दीपक का शव मधुपुरी और सागरपुर गांव के बीच पड़ा हुआ मिला था। दीपक की पीठ में गोली मारी गई थी। मामले में पुलिस ने हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। बुधवार को पुलिस ने हत्या में आरोपी मधुपुरी गांव के मटरू (45) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मटरू की निशानदेही पर एक तमंचा 315 बोर और एक खोखा भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार मटरू ने पूछताछ में बताया कि वारदात के कुछ दिन पहले उसने दीपक से उधार शराब मांगी थी, जिस पर दीपक ने उसे उधार शराब देने से इनकार कर दिया था जबकि, दीपक गांव के अन्य लोगों को शराब उधार दे देता था जिससे वह दीपक से रंजिश मानने लगा और 25 जनवरी को शराब के नशे में उसने दीपक की हत्या की साजिश रची थी और मधुपुरी व सागरपुर गांव के बीच पुलिया के निकट उसका इंतजार करने लगा। जब दीपक शराब की दुकान बंद करके घर जा रहा था तो उसने पुलिया के निकट दीपक को इशारा कर उसकी बाइक रोक ली और उसकी पीठ पर फायर झोंक दिया जिससे दीपक मौके पर ही गिर गया और वो मौके से फरार हो गया। बाद में दीपक की मौत हो गई थी।