रामपुर। सिविल लाइंस क्षेत्र में राम रहीम पुल पर मंगलवार रात मिलक निब्बी सिंह गांव निवासी सत्यवीर पर ब्याज की रकम को लेकर चल रहे विवाद में हमला किया गया था। पुलिस ने इस मामले में स्कूल प्रबंधक के दो बेटों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घटना के 24 घंटे बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
मंगलवार रात सत्यवीर अपने साथियों मगरमऊ निवासी कैलाश और इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी सुमित के साथ जा रहा था। राम रहीम पुल पर पीछे से आए नकाबपोश दो बाइक सवारों ने पीछे बैठे सत्यवीर को गोली मार दी। घायल सत्यवीर को उसके साथी जिला अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में उसे मुरादाबाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घायल के भाई मनोज राजपूत की ओर से पटवाई थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव निवासी रनवीर और उसके भाई सतवीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी पटवाई क्षेत्र के एक स्कूल प्रबंधक के बेटे हैं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी है, लेकिन अभी सफलता नहीं मिली है। आरोपियों की तलाश में एसओजी को भी लगाया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना ब्याज की रकम को लेकर हुए विवाद के कारण हुई। एसपी सोमेंद्र मीणा ने बताया कि सत्यवीर ब्याज पर रुपये देने का काम करता था। रनवीर के फूफा ने सत्यवीर से ब्याज पर रकम ली थी, जिसे लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। नवंबर 2025 में भी इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था।
एसपी ने बताया कि सत्यवीर के खिलाफ मारपीट के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। घटना के बाद पुलिस ने राम रहीम पुल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में हमलावर बाइक से जाते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस को जांच में कुछ अहम सुराग मिले हैं।