रामपुर। दीपावली पर भरपूर बिजली से रोशन हुए ग्रामीण क्षेत्र एक बार फिर अंधेरे में डूब गए हैं। दीपावली के बाद एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली सप्लाई पुराने ढर्रे पर आ गई है। कहीं पूरे दिन तो कहीं पूरी रात बिजली गुल रह रही है। दिन या रात में सिर्फ एक शेड्यूल में बिजली मिलने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोकसभा चुनावों के परिणामों के बाद से ही ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली सप्लाई पर गहराया संकट कम होता नहीं दिख रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में सप्लाई का अब कोई स्थायी शेड्यूल या रोस्टर जारी नहीं हो पा रहा है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ क्षेत्रों में पूरी रात बिजली गुल है तो कुछ क्षेत्रों में पूरे दिन बत्ती गुल है। मिलक, धमोरा समेत कई बिजली घरों से जुड़े सैकड़ों गांवों में अब सुबह से शाम तक दिन में ही सप्लाई मिल रही है। इसके बाद शाम से लेकर अगली सुबह तक बत्ती गुल कर दी जा रही है। पूरी रात बिजली न आने से ग्रामीणों में चोरी की घटनाओं की आशंका को लेकर डर सा बनता जा रहा है। वहीं, जिन क्षेत्रों में सिर्फ रात में सप्लाई है वहां पर दिन में कारोबार पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। ग्रामीणों की मांग है कि दिन-रात के शेड्यूल में सप्लाई दी जाए। जिससे इस समस्या का हल हो सके।