रामपुर। रविवार रात आई बारिश के साथ जिले भर की बिजली सप्लाई भी गुल हो गई। लगभग आधे से एक घंटे तक तो अधिकतर बिजली घर की सप्लाई बंद रही। वहीं, सिविल लाइंस में फॉल्ट के कारण चार घंटे से अधिक सप्लाई ठप रही। रजा इंटर कालेज और बिलासपुर गेट पर ब्रेकडाउन के कारण सप्लाई ठप हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों में तो बारिश आने पर गुल हुई बिजली दोपहर बाद तक चालू नहीं की गई।
पिछले कई दिनों से बादल, आंधी और बारिश से मौसम भले ही खुशगवार हो गया हो, लेकिन मौसम का यह मिजाज जिले भर में बिजली आपूर्ति पर भारी पड़ रहा है। मौसम के बदले रुख से तापमान का पारा तो गिर गया, इसके साथ ही लगातार फॉल्ट और ब्रेकडाउन का सिलसिला भी चल रहा है। रविवार रात आई बारिश के बाद रजा इंटर कालेज बिजली घर में ब्रेकडाउन से लगभग ढाई घंटे सप्लाई बंद रही। सिविल लाइंस क्षेत्र में तार टूटने से चार घंटे से अधिक सप्लाई ठप रही। वहीं, बिलासपुर गेट में भी ब्रेकडाउन से डेढ़ घंटे बिजली गुल रही। इसके साथ ही अन्य बिजली घरों में भी बारिश के बाद फॉल्ट व अन्य कारणों से सप्लाई बाधित हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के शुरू होने से पहले ही सप्लाई बंद कर दी गई जो कि दोपहर बाद तक सुचारु नहीं हो सकी।