रामपुर। यूपी सरकार की एक और योजना हकीकत में तब्दील हो गई। जब मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने छात्रों को लैपटॉप बांटे तो छात्रों के चेहरे खिल उठे। समारोह में कुल 9177 छात्र-छात्राओं को लैपटॉप बांटे गए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने जहां रामपुर के लिए सौगातों की झड़ी लगाई वहीं दूसरी ओर उन्होंने कहा, लैपटॉप के जरिए छात्र शिक्षा के क्षेत्र में तरक्की कर सकते हैं।
जौहर यूनिवर्सिटी में आखिरकार वो मौका आ ही गया,जब जहां एक ओर सरकार का एक और वादा पूरा हुआ,वहीं दूसरी ओर छात्रों का लैपटॉप पाने का सपना भी पूरा हुआ। शनिवार को छात्र-छात्राओं से खचाखच भरे पंडाल में दोपहर करीब 1.40 बजे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जब लैपटॉप वितरण शुरू किया तो छात्र-छात्राओं की खुशी देखते ही बन रही थी। मुख्यमंत्री केसाथ ही सपा मुखिया मुलायम सिंह ने मंच पर पहुंचे पचास छात्र-छात्राओं को लैपटॉप बांटे। मंच से लैपटॉप बंटने शुरू होते ही पंक्ति प्रभारियों ने भी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप बांटने शुरू कर दिए। अखिलेश ने मंच से उतरकर भी पचास छात्र-छात्राओं को लैपटॉप बांटे। इस दौरान मंच से लेकर पंडाल तक तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही। खुशनुमा माहौल में लैपटॉप बांटते ही छात्र-छात्राओं केचेहरे खिले हुए नजर आए। बेहद ही अनुशासित भरे माहौल में छात्र-छात्राएं अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लैपटॉप के माध्यम से शिक्षा हासिल करने पर जोर दिया। कहा कि हमारी सरकार ने अपने वादे पूरे कर विरोधियों के मुंह बंद कर दिए। लैपटाप की योजना दूसरे राज्यों में भी लागू कर दी गई हैं। इस मौके पर नगर विकास मंत्री आजम खां ने भी बच्चों का हौसला बढ़ाया।