रामपुर। आरपीएफ द्वारा रेल में बगैर टिकट सफर कर रहे 20 और रेलवे प्लेटफार्म पर बगैर टिकट घूम रहे 10 लोगों को पकड़ने पर हंगामा हो गया। लोगों ने आरपीएफ के खिलाफ प्रदर्शन कर हंगामा किया। और तो और प्रदर्शनकारी हंगामा करते हुए रेलवे मजिस्ट्रेट की कैंप कोर्ट में घुस गए। प्रदर्शनकारियों ने कैंप कोर्ट के बाहर आरपीएफ इंस्पेक्टर का घेराव किया।
आरपीएफ ने बेटिकट लोगों के खिलाफ अभियान चलाते हुए मंगलवार रात शाहजहांपुर दिल्ली पैसेंजर ट्रेन से बीस और बुधवार सुबह करीब सात बजे रेलवे प्लेटफार्म पर बगैर टिकट घूम रहे दस लोगों को पकड़ लिया। कुछ देर तक लोग आरपीएफ से इन लोगों को छुड़ाने की गुहार लगाते रहे। इस दौरान आरपीएफ थाने पर पकड़े गए लोगों के रिश्तेदारों और परिचितों की खासी भीड़ जुट गई। मौके पर जन समर्थन दल के कार्यकर्ता भी पहुंच गए। लोगों ने आरपीएफ पर ज्यादती का आरोप लगाकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। आरपीएफ पर पैसे मांगने का आरोप भी लगाया गया। आरपीएफ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रेल अधीक्षक कार्यालय और रेलवे गेस्ट हाउस में लगी रेलवे मजिस्ट्रेट के कैंप कोर्ट तक पहुंच गए। मजिस्ट्रेट ने इस पर नाराजगी जताई। किसी तरह से सभी को कैंप कोर्ट परिसर से बाहर निकाला गया। बाहर निकलते ही प्रदर्शनकारियों ने आरपीएफ इंस्पेक्टर एससी मिश्रा का घेराव कर लिया। इंस्पेक्टर ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझा कर शांत किया। प्रदर्शन करने वालों में जन समर्थन दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप कुमार सक्सेना, प्रदेश सचिव राकेशचंद्र जैन, कुलदीप शर्मा, मुनीष, गोपाल, शिवम सक्सेना, संजय, चंदन रस्तोगी, वीरवती, स्पर्शराज, राम किशोर, शुभम जौहरी, राहुल सक्सेना आदि शामिल थे।