रामपुर। जनपद स्तरीय मिनी क्रीड़ा एवं शैक्षिक प्रतियोगिता की तैयारी के लिए लगाए गए 50 खेल अनुदेशक और दो व्यायाम शिक्षक बेसिक शिक्षाधिकारी को अनुपस्थित मिले व्यायाम शिक्षकों एवं खेल अनुदेशकों का एक दिन का वेतन बाधित कर उनसे स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से बमनपुरी स्थित शहीदे आजम स्पोर्ट्स स्टेडियम मेें 7 से 9 दिसंबर तक जनपद स्तरीय मिनी क्रीड़ा और शैक्षिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। प्रतियोगिता की तैयारी के लिए जिलेभर के परिषदीय स्कूलों में तैनात खेल अनुदेशकों और व्यायाम शिक्षकों को सोमवार को शहीदे आजम स्पोर्ट्स स्टेडियम में ड्यूटी पर लगाया गया था। लेकिन, अधिकांश खेल अनुदेशकों और व्यायाम शिक्षकों ने विभागीय आदेशों को हवा में उड़ा दिया और ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी कल्पना सिंह ने जब शहीदे आजम स्पोर्ट्स स्टेडियम का निरीक्षण किया तो 50 अनुदेशक और दो व्यायाम शिक्षक बीएसए को अनुपस्थित मिले। बीएसए ने बताया कि शहीद-ए-आजम स्पोर्ट्स स्टेडियम बमनपुरी पर अनुपस्थित रहने वाले दो व्यायाम शिक्षकों एवं 50 खेल अनुदेशकों का स्पष्टीकरण तलब किया है। संतोषजनक जवाब नही मिलने पर एक दिन का वेतन बाधित किया जाएगा। साथ ही तीन दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में लगाए गए कर्मचारी शिक्षक आदि के ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।