शाहबाद। ठेके पर कार्यरत 23 सफाई कर्मचारियों को नगर पंचायत से हटा दिया गया है। नगर पंचायत द्वारा कर्मचारियों को हटाने पर शिकायती पत्र लेकर कर्मचारी एसडीएम के समक्ष पहुंचे, तो एसडीएम ने सफाई व्यवस्था ठप बताते हुए एक सप्ताह का समय देकर वापस भेज दिया है।
नगर पंचायत शाहबाद में ठेके पर कार्यरत 23 सफाई कर्मचारियों को हटा दिया गया है। नगर पंचायत द्वारा कर्मचारियों को हटाने का शिकायती पत्र लेकर तमाम कर्मचारी तहसील परिसर में एकत्र हुए। कर्मचारियों ने एसडीएम के समक्ष शिकायत रखते हुए कहा कि शासन व अन्य किसी अधिकारी का कोई भी आदेश नहीं आया है और सफाई कर्मियों को बड़े बाबू द्वारा बिना नोटिस के हटा दिया है। एसडीएम ने शिकायती पत्र लेकर शिकायत करने आए हुए तमाम कर्मचारियों को फटकार लगा दी। एसडीम ने उनसे कहा कि नगर में सफाई व्यवस्था चौपट हो गई है। गली और मोहल्ला में सफाई नहीं की जा रही है और ठेके पर कार्यरत तमाम सफाई कर्मचारियों का वेतन लगातार निकाला जा रहा है। इस दौरान एसडीएम ने आए हुए तमाम कर्मचारियों को एक सप्ताह का समय देते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कर लेने की चेतावनी दे दी। शिकायत करने वालों में मुकेश कुमार, रविंद्र कुमार, विकास माली, अजय कुमार, उमेश कुमार, राजू, रामश्री, रितेश समेत आदि कर्मचारी मौजूद रहे।
-23 सफाई कर्मचारियों को हटाया गया है, क्योंकि नगर शाहबाद में जिस मोहल्ले और गली से खुद गुजरता हूं। सफाई व्यवस्था चौपट दिखाई दी है। जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। कई बार पहले इनको सफाई के लिए समझा दिया गया था। अगर, अब भी सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई, तो और कठोर कार्रवाई की जाएगी। -अशोक कुमार चौधरी, उप जिलाधिकारी, शाहबाद।