रामपुर। गांधी जयंती के अवसर पर नगर पालिका के 225 सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया। आजादी के अमृत महोत्सव के लोगो लगी हुई टीशर्ट एवं कैप दी गई। इस दौरान नगर पालिका सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। अंत में विभिन्न प्रतियोगिता के विजयी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
नगर पालिका में आयोजित कार्यक्रम में सबसे पहले पालिकाध्यक्ष फात्मा जबी ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। नगर पालिका सभागार में स्कूली बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। इस दौरान पालिकाध्यक्ष ने नगर पालिका के 225 सफाई मित्रों टीशर्ट एवं कैप पहनाकर सम्मानित किया। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी डॉ. विवेकानंद गंगवार समेत नगर पालिका के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।