रामपुर। बिजली विभाग ने लकड़ी फैक्टरी पर छापा मारा, जहां मीटर की सीटी (करंट ट्रांसफार्मर) बदली हुई मिली। इसके अलावा मीटर की सील व बॉडी भी टूटी हुई थी। विभाग की ओर से फैक्टरी स्वामी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। वहीं, विजिलेंस टीम ने अजीतपुर में छापेमारी की। यहां पांच लोगों के यहां बिजली का चोरी से उपभोग होता मिला। सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
जिले में हर माह करोड़ों रुपये की बिजली चोरी हो रही है। तमाम कोशिशों के बाद भी विभाग इस पर अंकुश नहीं लगा पा रहा है। इसको लेकर शनिवार को सहायक अभियंता मीटर विशाल मलिक, उपखंड अधिकारी तृतीय विनय कुमार, जेएमटी सौरभ सक्सेना टीम के साथ ग्राम नानकार पहुंच गए। बिलासपुर गेट पास स्थित इस गांव में लकड़ी का काम होता है। फैक्टरी का बिजली का कनेक्शन भी है। टीम ने जांच की तो पता लगा कि मीटर से छेड़छाड़ की गई है। मीटर की सीटी को बदल दिया गया है। इस पर फैक्टरी स्वामी के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। इसके अलावा अजीतपुर बिजलीघर क्षेत्र में विभाग की ही विजिलेंस टीम ने छापेमारी की, जहां, पांच लोगों के यहां बिजली का चोरी से उपभोग होता मिला। अवर अभियंता संजीव चौरसिया ने बताया कि पांचों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।