रामपुर। जिला योजना समिति के सदस्य पद के लिए गुरूवार को नाम वापसी हुई। इस दौरान छह सदस्यों ने अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए। ऐसे में जिला योजना के सभी 18 पदों के लिए 18 जिला पंचायत सदस्यों के ही नामांकन शेष बचे। लिहाजा, सभी का निर्विरोध निर्वाचन होना तय है।
जिला योजना समिति के सदस्यों के चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई थी। रामपुर जिले की बात की जाए तो यहां जिला योजना के 18 पदों पर चुनाव होना है, जिसमें एक पद अनुसूचित महिला, दो पद अनुसूचित जाति, दो पद अन्य पिछड़ा वर्ग महिला, तीन पद अन्य पिछड़ा वर्ग, तीन पद सामान्य महिला एवं सात पद सामान्य के लिए हैं। इसके 27 अगस्त को कलक्ट्रेट सभागार में नामांकन दाखिल किए गए थे। समिति के 18 पदों के लिए 24 सदस्यों ने नामांकन किया था, जिसमें से छह सदस्यों ने अपने नामांकन वापस ले लिए। इसमें से तीन सदस्यों ने 31 अगस्त को नाम वापस लिया था, जिनमें अन्य पिछड़ा वर्ग के खलील व हरज्ञान सिंह यादव एवं सामान्य के तकमील अहमद ने अपना नामांकन वापस ले लिया था। जिसके बाद 21 सदस्य ही शेष बचे थे। किन्तु, इसके बाद मतदान से एक दिन पूर्व प्रार्थना पत्र के माध्यम से अनुसूचित जाति के लखवीर सिंह, अन्य पिछड़ा वर्ग महिला में शमा बेगम व सामान्य में अमरजीत सिंह ने अपना नामांकन वापस ले लिया, जिसके बाद अब सिर्फ 18 सदस्य ही बचे हैं, जिनका निर्विरोध निर्वाचन तय है। अपर जिलाधिकारी प्रशासन व उप जिला निर्वाचन अधिकारी जगदंबा प्रसाद गुप्ता ने बताया कि 18 सदस्यों का चुनाव निर्विरोध हो गया है। छह सदस्यों ने पर्चा वापस ले लिया है। इस तरह अब शुक्रवार को चुनाव नहीं होगा। शुक्रवार को निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा होगा और विजयी प्रत्याशियों को जीत का प्रमाण पत्र दिया जाएगा।