रामपुर। नगर पालिका की ओर से बकाएदारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसके तहत 50 लाख के 40 बकाएदारों की आरसी जारी की गई है। ये आरसी पुरानी तहसील स्थित पालिका की मार्केट में दुकानदारों को जारी की गई हैं। इन्होंने काफी समय से किराए और प्रीमियम की धनराशि का भुगतान नहीं किया है।
सपा सरकार में शहर में बड़ी तादाद में दुकानों का निर्माण किया गया था। नई नई मार्केट बनाई गई थीं। पुरानी तहसील के बाहर अबुल कलाम आजाद मार्केट भी बनाई गई थी। उसी समय नगर पालिका की ओर से मार्केट की दुकानों का आवंटन किया गया था, लेकिन कई आवंटियों ने प्रीमियम की धनराशि किश्तों में जमाकर दुकान आवंटित करा ली थी। अब ये दुकानदार प्रीमियम की बकाया धनराशि जमा नहीं कर रहे हैं। यहां तक कि किराया समय से नहीं चुकाया जा रहा है। इसको लेकर पालिका की ओर से सख्ती कर दी गई है। शुरुआत अबुल कलाम आजाद मार्केट के बकाएदारों से की गई है। करीब पचास लाख के चालीस बकाएदारों की आरसी जारी कर दी गई हैं, जिसमें कहा गया कि दो दिनों के भीतर बकाए का भुगतान कर दें अन्यथा आवंटन निरस्त कर दिया जाएगा।
----------------
अबुल कलाम आजाद मार्केट के दुकानदारों पर प्रीमियम, किराया आदि के पचास लाख रुपये बकाया हैं। कई बार नोटिस भी जारी किए गए, लेकिन इसके बाद भी भुगतान नहीं किया। इस पर अब इन बकाएदारों की आरसी जारी की गई है। इसके बाद टीपू सुल्तान मार्केट के बकाएदारों की भी आरसी जारी की जाएगी।
-गणेश प्रसाद, कर अधीक्षक, नगर पालिका परिषद, रामपुर।