रामपुर। ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर प्रशासन ने जेसीबी चलवा दी,इससे खलबली मच गई। एसडीएम ने पुलिस की मौजूदगी में राजस्व विभाग को साथ लेकर यह अवैध कब्जा हटवाया। साफ किया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सदर क्षेत्र के बघी गांव में कुछ लोगों ने ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कर निर्माण कराना शुरू करा दिया था। इस मामले की शिकायत प्रशासन से गांव के लोगों ने की थी। डीेएम के आदेश के बाद प्रशासन एक्टिव हो गया है। जिलाधिकारी के आदेश पर एसडीएम सदर डा. राजेश कुमार व तहसीलदार सदर वीके शुक्ला के नेतृत्व में टीम ने रविवार को राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने यहां पहुंचकर मौका मुआयना किया और फिर जेसीबी के जरिए अवैध निर्माण को ढहा दिया। इस दौरान लोगों की भीड़ भी जुट आई। करीब आधे घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान पुलिस भी मौजूद रही। एसडीएम ने बताया कि कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर सरकारी जमीन पर निर्माण कराया था, जिसकी शिकायत की गई थी। शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। कहा कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।