धमोरा (रामपुर)। घायलों को तत्काल उपचार दिलाने की मंशा से शासन ने अब 108 एंबुलेंस को दुर्घटना बहुल स्थानों पर खड़ा करने के आदेश दिए हैं। जिसके बाद जिले में 21 दुर्घटना बहुल स्थान चिह्नित किए गए हैं। जिन पर 108 एंबुलेंस 24 घंटे खड़ी रहेंगी। अभी तक 108 एंबुलेंस पुलिस चौकी और थानों के साथ ही सरकारी अस्पतालों में खड़ी रहती थीं।
दुर्घटना के दौरान घायलों को जल्द उपचार मिल सके, इसके लिए घायलों का समय से अस्पताल पहुंचना बहुत जरूरी है। इसलिए शासन के निर्देश पर अब 108 एंबुलेंस पुलिस चौकी-थानों व अस्पतालों की जगह ऐसे स्थानों पर भी खड़ी रहेंगी जहां पर अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। जिससे घायलों को प्राथमिक उपचार के साथ ही समय रहते अस्पताल ले जाया जा सके। इसके लिए 108 एंबुलेंस सेवा प्रबंधन की ओर से जिले में 21 ऐसे स्थान चिह्नित कर लिए गए हैं। जहां पर 24 घंटे 108 एंबुलेंस तैनात रहेंगी। जिले में मौजूदा समय में 108 एंबुलेंस की संख्या 24 है, जिसमें से तीन एंबुलेंस कोविड ड्यूटी में लगी हुई हैं।
जिले में घायलों को समय से प्राथमिक उपचार मिल सके और अस्पताल पहुंचाया जा सके। इसके लिए 21 दुर्घटना बहुल स्थानों पर अब 24 घंटे 108 एंबुलेंस तैनात रहेंगी। इस संबंध में सभी कर्मियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जीपीएस के द्वारा इन स्थानों पर एंबुलेंस खड़े रहने की पुष्टि वाहन की जीपीएस लोकेशन से की जाएगी।
- विकास शर्मा, जिला प्रभारी 108 एंबुलेंस
ऐसे तय किए गए 21 स्थान
रामपुर। 108 एंबुलेंस सेवा के ऑपरेशन हेड शोभित त्यागी और प्रोग्राम मैनेजर गौरव परमार ने बीते दिनों जिले में एंबुलेंस सेवा का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने उन स्थानों को भी नोट किया जहां अक्सर हादसे होते हैं। इसके बाद ही जिले में 21 स्थान चिह्नित किए गए, जहां पर अब 108 एंबुलेंस हर वक्त तैनात रहेंगी।
जिले में इन स्थानों पर तैनात होंगी 108 एंबुलेंस
धमोरा बाईपास, शहजादनगर जीरो प्वाइंट, मिलक रोराकला बाईपास, महिला थाना, पटवाई पेट्रोल पंप के पास, मंसूरपुर बाईपास पर आगापुर कट, बिलासपुर नवीन मंडी के पास, सिलई बड़ा गांव चौराहा, खेमपुर चौराहा, स्वार पेट्रोल पंप के पास, टांडा में कुलभूषण इंटर कॉलेज के पास, सैफनी चौराहा, सैदनगर पुलिस चौकी के पास, बाजपुर-पट्टी चौराहा आदि।