बसपा विधायक उमाशंकर सिंह ने विधानसभा में मीडियाकर्मियों से कहा कि वर्ष 2016 में बसपा सुप्रीमो मायावती ने कपिल सिब्बल का समर्थन किया था। मायावती के कहने पर बसपा विधायकों ने भी सिब्बल को मत दिए थे। उन्होंने कहा कि इस बार सपा के पास पर्याप्त मत है।
सभी 11 सीटों पर हो सकता है निर्विरोध चुनाव
राज्यसभा की 11 सीटों पर हो रहे चुनाव में सभी उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन हो सकता है। विधानसभा में विधायकों की संख्या बल के हिसाब से भाजपा के सात और सपा के तीन राज्यसभा सदस्य चुना जाना तय है। एक सीट के लिए दोनों में संघर्ष हो सकता है। पर बुधवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सिर्फ तीन सीट पर ही उम्मीदवार उतारेगी। इसके बाद माना जा रहा है कि भाजपा के आठ और सपा के तीन सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन होगा।
सपा से राज्यसभा के लिए जावेद अली खान ने किया नामांकन
समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार के रूप में जावेद अली खान ने बुधवार को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन किया। खान (59) 2014 से 2020 तक उच्च सदन में सपा का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। पार्टी नेता राम गोपाल यादव, अंबिका चौधरी की मौजूदगी में खान ने नामांकन किया।
खान ने कहा, मैंने सपा उम्मीदवार के रूप में नामांकन किया है। यह अवसर देने के लिए मैं पार्टी नेतृत्व के प्रति आभारी हूं। उत्तर प्रदेश विधानसभा में 273 विधायकों के साथ सत्ताधारी भाजपा नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन आठ सदस्यों को राज्यसभा भेज सकता है। जबकि सपा गठबंधन (आरएलडी और एसबीएसपी) 125 विधायकों के माध्यम से तीन सीटों पर अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित कर सकता है।