रायबरेली। जिला अस्पताल स्थित महिला हेल्पलाइन 181 के कार्यालय पर मंगलवार को हंगामा किया गया। इससे अफरातफरी मच गई। बाद में किसी तरह मामला शांत कराया गया। दरअसल मिल एरिया थाना क्षेत्र की रहने वाली एक लड़की दूसरे समुदाय के लड़के संग चली गई थी। लड़की के परिवारीजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया था।
मामला दो समुदायों के बीच होने से पुलिस ने युवक को पकड़ते हुए लड़की को बरामद कर लिया। लड़की को जिला अस्पताल स्थित महिला हेल्पलाइन 181 के कार्यालय पर रखा गया था। मंगलवार की दोपहर बाद लड़की के परिवारीजन कार्यालय पहुंच गए। सभी लड़की से मिलने की जिद पर अड़े थे। वहीं कार्यालय इंचार्ज कविता ने लड़की से मिलाने से इनकार कर दिया।
इसी बात पर परिवारीजनों के साथ एक महिला भाजपा नेता ने भी हंगामा किया। इस दौरान कार्यालय इंचार्ज से हाथापाई भी हुई। सीओ सदर महिपाल पाठक का कहना है कि मामला शांत करा दिया गया है। परिवारीजन चाह रहे थे कि लड़की को उनके सुपुर्द कर दिया जाए, लेकिन कोर्ट में 164 के बयान नहीं कराए गए। बुधवार को कोर्ट में लड़की का बयान कराया जाएगा। लड़का और लड़की बालिग हैं। संवाद