नसीराबाद (रायबरेली)। अकेली रह रही एक महिला के घर में घुसकर बदमाशों ने न सिर्फ पिटाई की बल्कि विरोध पर दुपट्टे से उसको चारपाई से बांध दिया। इसके बाद 15 हजार रुपये की नकदी और एक लाख कीमत के जेवर लूट लिए। इससे पहले कि महिला की चीखें सुननकर पड़ोसी पहुंचते, बदमाश भाग गए। पड़ोसियों ने डरी-सहमी पीड़ित महिला के हाथ-पैर खोले तो उसने बताया कि तीन बदमाश घर में घुसे थे। पुलिस जांच कर रही है।
नसीराबाद थाना क्षेत्र के चंदाबाहीपुर गांव की रहने वाली सोनम के मुताबिक उनके पति नीरज बाहर रहते हैं। सोमवार रात भोजन करने के बाद वह घर के अंदर सो रही थीं। घर के पीछे से छत के रास्ते तीन बदमाश घर के अंदर आ गए और लूटपाट करने लगे। इसी बीच उनकी नींद खुल गई। शोरगुल मचाने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उनकी पिटाई की और दुपट्टे से उनको चारपाई में ही बांध दिया।
इसके बाद बदमाशों ने नकदी के अलावा चांदी की चार जोड़ी पायल, नथुनी, मंगलसूत्र लेकर भाग निकले। मारपीट से महिला के हाथ-पैर और सिर में चोटें भी आई हैं। ग्राम प्रधान अनिल यादव ने बताया कि उनके गांव में इस तरह की यह पहली घटना है जिससे ग्रामीणों में दहशत है।
रात में ही थाना प्रभारी बालेंद्र गौतम ने गांव पहुंचकर महिला से घटना की जानकारी ली। मंगलवार को एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने गांव पहुंचकर पीडि़ता से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। महिला का सीएचसी में सीएचसी में इलाज कराया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर तीन अज्ञात बदमाशों पर लूट का केस दर्ज हुआ है।
एक लूट का नहीं हुआ खुलासा, दूसरी को दे दिया अंजाम
एक सप्ताह पहले पूरे विधा सिंह मजरे बिरनावां गांव की रहने वाली शकुंतला देवी के घर भी बदमाशों ने धावा बोला था। बदमाशों ने शकुंतला को बंधक बना लिया था और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया था। इसके बाद नकदी, जेवरात लेकर भाग गए थे। इसका घटना का खुलासा नहीं हुआ था कि सोमवार रात बदमाशों ने एक और घटना को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे दी। सहमे लोगों का कहना है कि बदमाश बेखौफ हैं और पुलिस सुस्त।
जल्द करेंगे वारदात का खुलासा : एसपी
एसपी डॉ.यशवीर सिंह का कहना है कि वारदात के खुलासे के लिए थाने के अलावा एसओजी व सर्विलांस टीम को लगाया गया है। संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर वारदात के बारे में पूछताछ की जा रही है।