सरेनी में सजे पूजा पंडाल में आरती करते भक्त।
रायबरेली। शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी देवी की पूजा की गई। सुबह से डलमऊ के बड़ामठ, पथवारी देवी घाट, गेगासों में मां संकटा देवी, परशदेपुर में मां मेडुरिन धाम में सुबह से श्रद्धालु पूजा अर्चना करने के लिए पहुंचने लगे। जगह-जगह सजे माता के दरबार में दिनभर भक्ति गीत गूंज रहे हैं। स्वामी दिव्यानंद गिरि ने बताया कि नवरात्र में कन्या भोज व गरीबों की मदद करने से घर में संपन्नता आती है।
बड़ा मठ के महामंडलेश्वर स्वामी देवेंद्रानंद गिरि ने बताया कि मां ब्रह्मचारिणी देवी के दर्शन पूजन करने से उनकी विशेष कृपा भक्तों को प्राप्त होती है। माता अपने भक्तों को धन-धान्य से परिपूर्ण करती हैं। शहर के मंसादेवी मंदिर, मढ़ी देवी मंदिर, दुर्गा देवी मंदिर में भक्तों ने मां दुर्गा के ब्रह्मचारिणी रूप की पूजा की। मां को चुनरी अर्पित की गई। साथ ही भोग लगाया गया।
परशदेपुर कस्बे के मिढुरिन देवी मंदिर में भी भक्तों ने पूजा की। शुभम व सेजल गुप्ता ने बताया कि पिछले 32 साल से मां दुर्गा का दरबार सजाया जा रहा है। अष्टमी के दिन गरबा का कार्यक्रम रखा गया है।