सलोन (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को सलोन-मानिकपुर मार्ग स्थित झपट्टी का पुरवा गांव के पास अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार मां-बेटे को रौंद दिया। हादसे में युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अस्पताल ले जाते वक्त महिला की मौत हो गई।
घटना की सूचना मृतकों के परिवारीजनों को हुई तो कोहराम मच गया। देखते ही देखते पूरा गांव सीएचसी सलोन में उमड़ पड़ा। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के रग्ग्घूपुर गांव निवासी नीरज कुमार (27) अपनी मां गायत्री (50) को लेकर शनिवार सुबह लगभग 11 बजे कुशुवापुर थाना संग्रामगढ़ जनपद प्रतापगढ़ रिश्तेदारी में जा रहा था।
तभी सलोन-मानिकपुर मार्ग स्थित झपट्टी का पुरवा लालापुर के पास मानिकपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार मां-बेटे को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार मां-बेटे सड़क पर गिर गए।
इसके बाद ट्रक युवक के ऊपर से गुजर गई। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अस्पताल ले जाते समय महिला ने भी दम तोड़ दिया। कोतवाल संजय कुमार त्यागी ने बताया कि ट्रक को चालक को हिरासत में ले लिया गया है।