रायबरेली। खराब मौसम और कोहरे की वजह से ट्रेनों का संचालन पटरी से उतरता नजर आ रहा है। ट्रेनों की लेटलतीफी शुरू हो गई है। सोमवार को अर्चना एक्सप्रेस और पंजाब मेल पौने दो घंटे की देरी से पहुंचीं। पद्मावत, नौचंदी व नीलांचल समेत कई अन्य ट्रेनें भी देर से आईं। इससे यात्रियों को काफी इंतजार करना पड़ा।
कई दिनों से शाम होते ही कोहरा छा जाता है जो सुबह तक बना रहता है। इससे रात में ट्रेनों की रफ्तार कम पड़ जाती है। इसी वजह से ट्रेनें विलंबित होने लगी हैं। जम्मूतवी से पटना जाने वाली अर्चना एक्सप्रेस और अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल पौने दो घंटे की देरी से यहां पहुंची। इसी तरह दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस एक घंटा, सहारनपुर से प्रयागराज जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस पौन घंटे विलंब से आई।
प्रयागराज से लखनऊ जाने वाली गंगा गोमती एक्सप्रेस 25 मिनट, प्रतापगढ़ से कानपुर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस 27 मिनट, हावड़ा से अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल 35 मिनट, पुरी से नई दिल्ली जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस 28 मिनट, वाराणसी से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस 22 मिनट की देरी से आई।
रविवार की रात नई दिल्ली से वाराणसी जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस 35 मिनट, कानपुर से प्रतापगढ़ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस 37 मिनट की देरी से यहां पहुंची। स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार का कहना है कि कोहरे की वजह से लंबी दूरी की ट्रेनों पर ज्यादा असर पड़ रहा है। बाकी ट्रेनें सामान्य तरीके से चल रही हैं। बहुत ज्यादा लेटलतीफी नहीं है।