भदोखर थाना क्षेत्र में रविवार रात रायबरेली-डलमऊ मार्ग पर बेंदपुल के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ, जब तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर जिला अस्पताल में भर्ती रोगी को देखने जा रहे थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। हादसे के बाद गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के पचखरा निवासी राजकुमार (35), गदागंज थाना क्षेत्र के पूरे बक्शी दीनशाहगौरा निवासी अमित (20) और भदोखर थाना क्षेत्र के पकरा गिरिफ्ता गांव की रहने वाली खटऊ (35) एक बाइक पर सवार होकर जिला अस्पताल में भर्ती एक रोगी को देखने आ रहे थे।
बाइक राजकुमार चला रहा था। रायबरेली-डलमऊ मार्ग पर बेंद पुल के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने जोरदार बाइक में टक्कर मार दी। इससे राजकुमार, अमित और खटऊ गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पर थानेदार आरके सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां खटऊ की मौत हो गई। थानेदार का कहना है कि महिला की मौत हुई है, बाकी दो घायलोेें का इलाज चल रहा है। तहरीर मिलने पर मामले में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।