चेकिंग में दौरान जब्त हुए पैसे
- फोटो : SELF
लालगंज एसडीएम सुलतान अशरफ सिद्दीकी और सीओ वरुण कुमार सिंह की अगुवाई में कोतवाली पुलिस ने सोमवार को करुणा बाजार चौराहे पर चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस को एक कार से तीन लाख रुपये बरामद हुए।
रकम के बाबत कोई साक्ष्य न दिखा पाने पर पुलिस ने रुपये कब्जे में लेकर आयकर विभाग को सूचना दे दी है। एसडीएम और सीओ की अगुवाई में पुलिस ने सोमवार शाम करुणा बाजार चौराहे पर चेकिंग लगा रखी थी।
इसी दौरान पहुंची जायलो कार संख्या यूपी 33 पी 6160 की जांच की गई तो उस पर सवार दो व्यक्तियों से दो लाख 95 हजार 870 रुपये बरामद हुए। पुलिस की पूछताछ में गाड़ी सवार ठेकेदार आईटीआई कॉलोनी निवासी पुष्पराज सिंह ने बताया कि उसके देशी शराब के ठेके खजूरगांव, पूरे करवती और रघुनाथगंज में हैं।
वह सभी ठेकों से कलेक्शन के रुपये लेकर रायबरेली जा रहा है। जेल रोड निवासी जयशंकर ने बताया कि उसके भी देशी शराब के ठेके भोजपुर, चंद्रमनखेड़ा में हैं। वह भी ठेके से रुपये लेकर जा रहा था।
प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने बताया कि कार से बरामद हुए रुपयों के बाबत दोनों व्यक्ति कोई साक्ष्य नहीं दिखा पाए। इस पर रकम को कब्जे में लेकर सूचना आयकर विभाग को दे दी गई है। गाड़ी के कागजातों की छानबीन की जा रही है।