रायबरेली। विधानसभा चुनाव में हर बूथ पर सुरक्षा की कड़ी किलेबंदी रहेगी। पैैरामिलिट्री फोर्स के अलावा सिविल पुलिस और होमगार्ड जवान न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाएंगे, बल्कि बूथों पर पहुंचने वाले वोटरों की हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। थोड़ी सी गड़बड़ी होने पर तत्काल कार्रवाई होगी। विधानसभा चुनाव कराने के लिए 19 जनवरी को फोर्स यहां पर आ जाएगी।
जिले में विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेजी के साथ की जा रही हैं। खासकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम कराए जा रहे हैं, ताकि सकुशल चुनाव कराया जा सके। जिले की पांच विधानसभा सीटों सदर, ऊंचाहार, सरेनी, बछरावां, हरचंदपुर में 23 फरवरी, जबकि 27 फरवरी को सलोन में मतदान होगा। 23 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती बूथों पर होगी।
अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि सात हजार पैरामिलिट्री फोर्स, छह हजार सिविल पुलिस, दो हजार होमगार्ड विधानसभा चुनाव कराने के लिए बाहर से आएंगे। इसके अलावा जिले की पुलिस भी तैनात होगी। उन्होंने बताया कि 19 फरवरी को फोर्स जिले आ जाएगी। फोर्स को ठहरने के लिए जिले में 71 स्कूल चयनित किए गए हैं, जहां पर उनके रहने और खानपान की व्यवस्था कराई गई है। विधानसभा चुनाव को लेकर सुरक्षा पर पूरा फोकस किया जा रहा है।
सीसीटीवी कैमरे की नजर में होगी मतगणना
रायबरेली। विधानसभा चुनाव के साथ ही मतगणना की तैयारियों के भी इंतजाम किए जा रहे हैं। हर विधानसभा सीट की मतगणना कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। प्रेक्षकों और डीएम-एसपी ने मतगणना स्थल का जायजा लिया। तैयारियों को पूरा करने के निर्देश दिए। बछरावां विधानसभा के सामान्य प्रेक्षक डॉ. मधुष्मिता साहू, सदर विधानसभा के सामान्य प्रेक्षक कांतिलाल डांडे, पुलिस प्रेक्षक आरपी कोजे जी और डीएम वैभव श्रीवास्तव, एसपी श्लोक कुमार ने आईटीआई गोरा बाजार में बने स्ट्रांग रूम व मतगणना स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रेक्षकों ने बछरावां, हरंचदपुर, रायबरेली, सरेनी एवं ऊंचाहार विधानसभाओं के स्ट्रांग रूमों में ईवीएम मशीनों की फिनीशिंग का कार्य व सलोन विधानसभा की ईवीएम मशीनों का स्ट्रांग रूम में रखने आदि व्यवस्थाओं के बारे में जिला निर्वाचन अधिकारी से जानकारी ली। इसके बाद प्रेक्षकों और अधिकारियों ने चुनाव ड्यूटी में लगी पोलिंग पार्टियों के रवानगी स्थल परिसर का भी निरीक्षण कर समस्त व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रेक्षकों ने कहा कि निर्वाचन कार्य में लगे समस्त अधिकारी पोलिंग पार्टियों की रवानगी स्थल, स्ट्रांग रूम व मतगणना स्थल पर समस्त व्यवस्थाएं करवा लें। इसके अलावा बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरा, सुरक्षा व्यवस्था, टेबल कुर्सी, फर्नीचर, पानी आदि की भी व्यवस्था करा लें। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रभाष कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव मौजूद रहे।