शहर के मतदान केंद्र महात्मा गांधी इंटर कॉलेज पर बीएलओ सुबह से ही मौजूद थे। कुछ लोग ही मतदाता सूची में नाम बढ़वाने के लिए यहां पहुंचे। अधिकतर समय बूथ पर सन्नाटा ही रहा।
मतदान केंद्र एफजी कॉलेज में बीएलओ बीना पांडेय, रेखा, प्रमिला पांडेय, शैलेंद्र कुमार मौजूद रहे। दोपहर तीन बजे तक महज छह लोग ही मतदाता सूची में नाम बढ़वाने पहुंचे। बीएलओ का कहना था कि लोगों में वोटर बनने की दिलचस्पी कम दिखी। मतदान केंद्र राही में भी सन्नाटा पसरा रहा।
सीन दो
मुस्तफाबाद में महज 11 फार्म भरे गए
ऊंचाहार-गदागंज। ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालयों में मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बीएलओ ने कैंप लगाया। 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवाओं के नाम जोड़ने, नाम व पते में संशोधन करने, मृत हो चुके लोगों का नाम वोटर लिस्ट से हटाने के लिए फार्म भरवाए गए।
बूथों पर अधिकतर समय सन्नाटा रहा। क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मुस्तफाबाद बूथ पर बीएलओ ने फ़ार्म भरवाया। बीएलओ जगतपाल यादव ने बताया कि नाम जोड़ने के लिए 11 फार्म भरे गए। पूर्व माध्यमिक विद्यालय मुस्तफाबाद के बीएलओ रामबक्स सिंह ने बताया कि नाम बढ़ाने और संशोधन के लिए फार्म भरे गए। उधर, दीनशाहगौरा ब्लॉक क्षेत्र के मतदान केंद्र प्राथमिक स्कूल गोविंदपुर माधव, प्राथमिक स्कूल जमुनीहार चरुहार में सन्नाटा पसरा रहा।
बूथों पर नहीं पहुंचे लोग
जगतपुर-बछरावां। जगतपुर ब्लॉक क्षेत्र में लोगों के न पहुंचने से बूथों पर सन्नाटा पसरा रहा। प्राथमिक विद्यालय मनोहरगंज में प्रधानाध्यापिका सुचिता सिंह की देखरेख में बीएलओ रामश्री, सुनीता सिंह सुबह से ही बूथ पर पहुंचकर मतदाताओं का इंतजार करती रही।
बूथ संख्या 175 पर नाम बढ़ाने के लिए उमेश कुमार, रिंकी, ऊषा ही पहुंची। संशोधन के लिए सात फार्म भरवाए, जबकि मृतकों के नाम हटाने के लिए चार फार्म भरे गए। अधिकतर मतदान केंद्रों पर लोग नहीं पहुंचे। उधर, बछरावां कस्बे के मतदान केंद्र श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज में भी सन्नाटा पसरा रहा।
रायबरेली। मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए जिले के 2382 बूथों पर रविवार को लगा विशेष कैंप मजाक बनकर रह गया। जानकारी के अभाव में लोग बूथों पर नहीं पहुंच सके। इससे अधिकतर बूथों पर सन्नाटा ही पसरा रहा।
किसी बूथ पर 11 तो किसी बूथ पर 10 लोगों ने यह तो मतदाता सूूची में नाम बढ़वाने के लिए फार्म भरा या फिर नाम संशोधन या फिर मृतक का नाम होने पर नाम कटाने के लिए फार्म भरा।
जिला प्रशासन के अधिकारी इस कार्य को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। बीेएलओ सुबह से ही बूथों पर पहुंचे, लेकिन कैंप की जानकारी अधिकतर लोगों को न होने से वह कैंप नहीं पहुंचे। निर्वाचन आयोग का मकसद है कि विधानसभा चुनाव में 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके लोगों को मताधिकार का अधिकार मिले, लेकिन यहां पर बरती जा रही लापरवाही से आयोग की यह मंशा सफल होती नजर नहीं आ रही है।
सलोन क्षेत्र के प्राथमिक स्कूल, फरीदगढ़ में बीएलओ गीता देवी, प्रधानाध्यापक एसएस पांडेय, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अरविंद मौर्य के सहयोग से मतदाता जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया गया।
जिले के 2382 बूथों पर कैंप लगवाए गए। विशेष कैंप को लेकर प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। काफी लोगों ने घर से ही फार्म भरकर बीएलओ के पास जमा किया है। 18 वर्ष की उम्र होने पर लोग फार्म भरकर वोटर जरूर बनें।
अमित कुमार, एडीएम, प्रशासन