करीब ढाई महीने बाद कल से फिर रायबरेली-ऊंचाहार पैसेंजर पटरी पर दौड़ने लगेगी। इस ट्रेन का संचालन होने से सैकड़ों यात्रियों को फायदा मिलेगा। कांग्रेसियों ने ट्रेन चालू होने पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को धन्यवाद ज्ञापित किया है।
रेलवे सूत्रों की मानें तो केंद्र सरकार से हरी झंडी मिलने के बाद 23 जुलाई से रायबरेली-ऊंचाहार पैसेंजर का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस ट्रेन से प्रतिदिन ऊंचाहार, जगतपुर, रोहनियां क्षेत्र के लोगों का आना-जाना फिर शुरू हो सकेगा।
ट्रेन संचालन बंद होने से मुसाफिरों को शहर आने के लिए प्राइवेट वाहनों की शरण लेनी पड़ रही थी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष उमाशंकर मिश्रा, जिला मीडिया प्रवक्ता विनय द्विवेदी, नौशाद खतीब, अजीत सिंह ने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष रंग लाया है।
कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन और उपवास करके केंद्र सरकार को ट्रेन दोबारा चलाने पर विवश कर दिया। पैसेंजर ट्रेन के बंद होने निर्णय के बाद से लगातार कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र सरकार के इस फैसले का विरोध कर रहे थे।
ऊंचाहार पैसेंजर ट्रेन ऊंचाहार की लाइफलाइन मानी जाती है और क्षेत्र की जनता इस ट्रेन के जरिये रायबरेली शहर आकर अपने रोजमर्रा के काम निपटाती है। अब ट्रेन को दोबारा चलाये जाने का आदेश आ गया है। ऐसे में क्षेत्र की जनता में खुशी की लहर दौड़ गयी है।