खीरों/शिवगढ़ (रायबरेली)। दो थाना क्षेत्रों में शनिवार रात चोरों ने चार घरों में धावा बोलकर नकदी-जेवरात समेत 10 लाख का माल पार कर दिया। खीरों थाना क्षेत्र के पाहो गांव निवासी दो सगे भाई रामनरेश व जयशंकर अलग-अलग रहते हैं।
शनिवार रात घर के पीछे के दरवाजे की कुंडी निकालकर चोर दोनों घरों में दाखिल हुए। घर के दरवाजे, बक्से व अलमारी का ताला तोड़कर उसके अंदर रखे सोने चांदी के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए।
रविवार सुबह जब दोनों घरों के लोग सोकर उठे तथा ताला टूटे व सामान बिखरा देखा तो दंग रह गए। रामनरेश के घर से तीन, जबकि जयशंकर के घर से दो लाख की नकदी-जेवरात का सामान चोरी किया गया। थानेदार हरिशंकर प्रजापति ने बताया कि रामनरेश की तहरीर पर चोरी की एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
शिवगढ़ कोतवाली क्षेत्र के बहादुरनगर गांव निवासी महादेव के घर को चोरों ने निशाना बनाया। मकान में छत के रास्ते नीचे उतर आए। घर के पिछले हिस्से में बने कमरे ने रखी अलमारी को तोड़कर उसमें रखें सोने चांदी के जेवरात उठा ले गए। महादेव का परिवार घर के अगले हिस्से में बने कमरों में सो रहा था।
महादेव के बेटे अंकित कुमार की इसी 14 दिसंबर को शादी हुई थी। चोरों ने नवविवाहिता के जेवरात पार कर दिए। देर रात चोरी की वारदात की जानकारी हुई तो हर कोई दंग रह गया। नकदी-जेवरात मिलाकर चोरों ने डेढ़ लाख का सामान पार किया।
यहीं पर चोरों ने बगल के बंशलाल के घर को भी निशाना बनाया। यहां भी चोर छत के रास्ते से घर में प्रवेश किया। बंशलाल अपनी ससुराल बाराबंकी गया था। घर में उसकी पुत्रवधू पिंका अपने बच्चे के साथ मौजूद थी।
बेटा विमल बछरावां के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में नाइट ड्यूटी करने गया था। चोरों ने बक्शे के ताला तोड़कर तीन लाख कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और घर में रखे पचास हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। कोतवाल रवींद्र सोनकर का कहना है कि जल्द चोरी की वारदात का पर्दाफाश होगा।