गदागंज (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के हंसऊपुर गांव में निजी स्कूल की शिक्षिका का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर छत की कुंडी से लटका मिला। घटना से कुछ देर पहले ही वह गांधी जयंती पर स्कूल में आयोजित कार्यक्रम से लौटी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गदागंज थाना क्षेत्र के हंसऊपुर निवासी राजेंद्र कुमार की पत्नी शोभा देवी (35) दीनशाह गौरा के लाल बहादुर मांटेसरी स्कूल में पढ़ाती थी। शनिवार को गांधी जयंती पर वह विद्यालय गई थी और वहां से वापस आकर घर के अंदर फांसी लगा ली।
मृतका के पति राजेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह अपनी पत्नी को लेकर स्कूल गया था। झंडारोहण के पश्चात घर में छोड़कर वापस दीनशाह गौरा स्थित होटल में काम करने चला आया। कुछ देर बाद उनके बेटे प्रशांत कुमार ने घटना की जानकारी दी।
सूचना पर पहुंची गदागंज पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल शिक्षिका ने फांसी क्यों लगाई, पुलिस इसका पता लगाने में जुट गई है। थाना प्रभारी गदागंज अरविंद सिंह ने बताया कि महिला ने घर के अंदर फांसी के फंदे से लटक कर आत्महत्या की है। मामले की जांच की जा रही है।