रायबरेली। डीआईओएस कार्यालय में 31 जनवरी को हुई मारपीट के बाद से चल रहे कार्य बहिष्कार से जिले भर के माध्यमिक शिक्षकों और कर्मचारियों का वेतन रुका है। शिक्षक संगठन कई दिन से वेतन की मांग कर रहे हैं। शनिवार को सभी ने बैठक कर आंदोलन की रणनीति तैयार की। विद्यालयों में शिक्षक एवं कर्मचारी 14 से 18 फरवरी तक काला फीता बांधकर विरोध जताएंगे। वहीं 19 फरवरी को डीआईओएस कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की जिला कार्यकारिणी की बैठक आचार्य द्विवेदी इंटर कॉलेज परिसर में हुई। पदाधिकारियों ने जिले के शिक्षकों और कर्मचारियों का वेतन भुगतान न होने पर चिंता जताई। जिला मंत्री शैलेश कुमार बाजपेयी ने बताया कि 11 से 18 फरवरी तक निर्वाचन प्रशिक्षण में शिक्षकों की ड्यूटी लगी है। बोर्ड परीक्षा भी नजदीक है ऐसे में कार्य बहिष्कार ठीक नहीं होगा। कहा, 14 से 18 फरवरी तक सभी शिक्षक एवं कर्मचारी अपने विद्यालयों में काली पट्टी बांधकर काम करेंगे और रोजाना 3 बजे एकजुटता प्रदर्शित करते हुए फोटो ग्रुप में डालेंगे।
उन्होंने बताया कि 19 फरवरी को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में शांतिपूर्ण धरना एवं प्रदर्शन किया जाएगा। मंडलीय मंत्री जगजीवन प्रसाद शुक्ल ने कहा है कि वेतन नहीं मिला तो 19 फरवरी को सभी लोग एक दिन का आकस्मिक अवकाश लेकर डीआईओएस कार्यालय में होने वाले धरना-प्रदर्शन में शामिल हो। बैठक में जिलाध्यक्ष राकेश कुमार मिश्र, डीएन दीक्षित, आंजेय वर्मा, राम विनोद त्रिपाठी, हजूरीलाल व प्रदीप कुमार आदि मौजूद रहे।