रायबरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जनता पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में सपा के पूर्व मंत्री व ऊंचाहार विधायक डॉ.मनोज कुमार पांडेय के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि पूर्व मंत्री ने एक गांव में बैठक के दौरान अभद्र टिप्पणी की थी।
मामला जानकारी में आने के बाद भाजपाइयों ने इस पर नाराजगी जताई और कार्रवाई की मांग उठाई। रविवार शाम ऊंचाहार कोतवाली में पूर्व मंत्री के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
सपा विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय का एक वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। यह वीडियो ऊंचाहार ब्लॉक क्षेत्र के पट्टीरहस कैथवल गांव का होना बताया जा रहा था।
वीडियो में विधायक किसी को नटवर लाल और झूठ फरेब कर पैसा हजम करने की बात कह रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि विधायक वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी का नाम लेकर अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। रविवार को भाजपा नेता अतुल सिंह समेत अन्य भाजपाइयों ने पीएम नरेंद्र मोदी और ऊंचाहार की जनता पर अभद्र टिप्पणी किए जाने के मामले में नाराजगी जताते हुए पूर्व मंत्री के खिलाफ केस दर्ज कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की।
एसपी श्लोक कुमार ने बताया कि शिवगढ़ थाना क्षेत्र के नेरथुवा गांव निवासी दिलीप कुमार की तहरीर पर प्रधानमंत्री और जनता के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने पर पूर्व मंत्री के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। विवेचना कराई जा रही है। उचित कार्रवाई कराई जाएगी।
हिम्मत है, तो पूरा वीडियो दिखाएं, टिप्पणी नीरव मोदी पर की
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर पूर्व मंत्री एवं ऊंचाहार विधायक डॉ.मनोज कुमार पांडेय ने कहा है कि वीडियो के आगे और पीछे का हिस्सा काटकर वायरल किया गया है।
उन्होंने जनता का पैसा खाने वाले नीरव मोदी पर टिप्पणी की है। नीरव मोदी जैसे लोग जो जनता का पैसा खा रहे हैं, उनका शोषण कतई नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने घटिया राजनीति करने वालों की तीखी आलोचना की और कहा कि उनके लिए जनता भगवान थी और आगे भी रहेगी। विधायक ने कहा कि वीडियो को तोड़-मरोड़ कर पेश करने वाले राजनीतिक विरोधियों में हिम्मत है तो वीडियो को पूरा दिखाएं। उन्होंने कहा कि जनता का पैसा लूटने वालों के खिलाफ वह लड़ाई लड़ते रहेंगे और जनता के हित में खड़े रहेंगे।
वीडियो से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ दी तहरीर
सपा विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय के वायरल वीडियो के मामले में सपा के ब्लॉक अध्यक्ष बृजेश यादव ने ऊंचाहार कोतवाली प्रभारी और एसपी को तहरीर दी है। ब्लॉक अध्यक्ष ने तहरीर देकर बताया है कि वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है। इसके बाद वायरल किया गया है। गांव में हुए भ्रष्टाचार को लेकर नीरव मोदी का उदाहरण दिया गया था। वीडियो को एडिट करके वायरल किया गया है। ऐसा करने वालों के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई की जाए। कोतवाल विनोद सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर जांच करके कार्रवाई होगी