रायबरेली। नवरात्र में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री को रोकने के लिए मंगलवार सेे खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने छापामारी अभियान शुरू कर दिया। पहले दिन शहर के किराना स्टोरों पर पहुंचकर व्रत में खाने के लिए रखे खाद्य पदार्थों की जांच की। सिंघाड़ा, साबूदाना की गुणवत्ता खराब प्रतीत होने पर तीन नमूने सील करके जांच के लिए भेजा गया। कई दुकानदारों को चेताया गया। छापामारी शुरू होने से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंद्र बहादुर यादव की अगुवाई में एफएसडीए की टीम ने मंगलवार से अभियान शुरू किया। पहले दिन खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार ने कानपुर रोड स्थित सार्थक जनरल स्टोर से साबूत सिंघाड़ा का नमूना सील किया।
इसके अलावा एफएसओ अमरनाथ ने ऋषभ जनरल स्टोर से साबूदाना और एफएसओ अपराजिता तिवारी ने घनश्याम किराना स्टोर से साबूत सिंघाड़ा का नमूना सील किया। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि नवरात्र में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री को रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।