रायबरेली। गांव स्तर अब गर्भवती महिलाओं की फ्री में न सिर्फ जांच हो सकेगी, बल्कि उनका बेहतर ढंग से इलाज भी हो सकेगा। जिले में रविवार को 67 नए नवीन स्वास्थ्य उपकेंद्र खोल दिए गए।
सीएमओ कार्यालय में शाम को एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह, सीएमओ डॉ.वीरेंद्र सिंह, सीडीओ प्रभाष कुमार ने नए नवीन स्वास्थ्य उपकेंद्रों का लोकार्पण किया।
सीएमओ ने बताया कि इन केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं की निशुल्क जांच हो सकेगी। बच्चों व गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण, किशोर-किशोरियों से संबंधित सभी परामर्श, 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को गैर संचारी रोगों की मुफ्त जांच भी हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि खासकर गांव स्तर पर ही गर्भवती महिलाओं का इलाज हो सकेगा। उन्हें इलाज के लिए सीएचसी या फिर जिला मुख्यालय की भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी।
सीएमओ ने बताया कि भविष्य में सभी केंद्रों को हेल्थ वेलनेस सेंटर के तौर पर संचालित किया जाएगा। एक सेंटर पर करीब 10 हजार महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी लाभ मिल सकेगा। उपकेंद्रों में स्टाफ की तैनाती कर दी गई है।
इस दौरान लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा हुए लोकार्पण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया। एमएलसी ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह बहुत बड़ा कदम है। मौके पर एसीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह, डॉ. रिजवान, डॉ. पीके बैसवार, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना, अनिल पांडेय, एसके पांडेय भी मौजूद रहे।
किराए पर संचालित होंगे उपकेंद्र
जिन नए 67 नवीन स्वास्थ्य उपकेंद्रों का लोकार्पण किया गया है, उन्हें किराए के भवन में संचालित किया गया है। जल्द इन उपकेंद्रों को खुद का भवन मिल सकेगा। इसके लिए जमीन की तलाश की जा रही है। साथ ही एक उपकेंद्र के निर्माण पर छह लाख रुपये खर्च किए जाने की योजना है। बजट मिलने पर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
यहां पर खोले गए हैं उपकेंद्र
राही ब्लॉक क्षेत्र के जगदीशपुर, कसेहटी, विनोहरा, जफरापुर, अनिरुद्वपुर, दोहरी, गढ़ी मुतवल्ली, जरियारी, रोहनियां ब्लॉक क्षेत्र में अली नगर, खान आलमपुर, अटौरा बुजुर्ग, सलोन ब्लॉक क्षेत्र में पृथ्वीपुर, खेमूपुर, बराडीह, खमरिया पूरे कुशल, गोठिया, किठावां, गउवा हसनपुर, अमावां ब्लॉक क्षेत्र में सारीपुर, हिलगी, बीबीपुर, बहादुर नगर, बछरावां ब्लॉक क्षेत्र में मदाखेड़ा, बहादुर नगर, विनायकपुर, छतोह ब्लॉक क्षेत्र में बहेलिया, कपूरपुर, डलमऊ ब्लॉक क्षेत्र में दाऊदपुर रामनगर, केसरुवा, आफताब नगर, दीनशाहगौरा ब्लॉक क्षेत्र में गौरा, चांदपुर लूक के अलावा अन्य ब्लॉक क्षेत्रों में कुल 67 नवीन स्वास्थ्य उपकेंद्र खोले गए हैं।