महराजगंज (रायबरेली)। प्रदेश के विधि एवं न्याय मंत्री बृजेश पाठक ने प्रबुद्ध वर्ग से आह्वान किया कि वह अपनी मेधा शक्ति का उपयोग कर भारत को विश्व गुरु के मंच पर बैठाने के नरेंद्र मोदी के प्रयास को सफल बनाएं।
उन्होंने कहा कि भाजपा में प्रबुद्ध वर्ग का सम्मान है, बाकी पार्टियां केवल ढोंग कर रही हैं। वे क्षेत्र पंचायत सभागार में बुधवार को आयोजित पार्टी के प्रबुद्ध वर्ग के सम्मेलन में बोल रहे थे।
कहा, आज के दौर में डॉक्टर, वैज्ञानिक, इंजीनियर, अधिवक्ता, शिक्षक, पत्रकार यह सभी लोग प्रबुद्ध वर्ग के रूप में जाने जाते हैं। इनके ऊपर समाज की जिम्मेदारी है। संघ परिवार और भाजपा संगठन में अधिकतर लोग प्रबुद्ध समाज से ही हैं, जिसकी वजह से भाजपा की सोच राष्ट्रवादी है।
कहा, कोरोना में भाजपा की प्रबंधन नीति का अमेरिका, ब्रिटेन, इटली, रूस, चीन जैसे विकसित देश लोहा मानते हैं। इस मौके पर बछरावां विधायक रामनरेश रावत, रामदेव पाल, शरद सिंह व सत्येंद्र प्रताप आदि मौजूद रहे।