रायबरेली। अमृत क्रीड़ा महोत्सव का आयोजन 21 से 23 अक्तूबर तक मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में होगा। इसमें एथलेटिक्स समेत तमाम खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें हिस्सा लेने के लिए डेढ़ हजार से अधिक खिलाड़ी जिले भर से यहां जुटेंगे।
स्टेडियम सजधज कर खिलाड़ियों के स्वागत के लिए तैयार है। हर विकास क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग पंडाल लगाया गया है। बुधवार को स्टेडियम में मार्चपास्ट का रिहर्सल हुआ। व्यवस्था का जायजा लेने के लिए अफसरों ने निरीक्षण भी किया।
अमृत क्रीड़ा महोत्सव के तहत तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में जिले के सभी 18 विकास क्षेत्रों और नगर क्षेत्र के 1500 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे।
आयोजन की पूर्व संध्या पर उद्घाटन समारोह में होने वाले मार्च पास्ट समेत अन्य तैयारियों का रिहर्सल हुआ। इसके लिए हर विकास क्षेत्र के 20-20 खिलाड़ी यहां आए, जिन्होंने मार्च पास्ट का अभ्यास किया।
एडीएम प्रशासन, अमित कुमार समेत कई अधिकारी पहुंचे। मार्च पास्ट की रिहर्सल देखी और व्यवस्था का जायजा लिया। जिला क्रीड़ा अधिकारी सर्वेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मार्च पास्ट में जिन खिलाड़ियों को भाग लेना है, वे सभी बस से यहां पहुंचे और मार्चपास्ट की रिहर्सल की। हर विकास क्षेत्र के लिए अलग-अलग पंडाल लगाया गया है।
शुभारंभ करने आएंगे डिप्टी सीएम
अमृत क्रीड़ा महोत्सव के तहत पहले न्याय पंचायत स्तर और फिर ब्लॉक स्तर पर तीन-तीन दिन की खेलकूद प्रतियोगिताएं कराई गई थीं। अब जिला स्तरीय खेलकूद होने हैं, जिसका शुभारंभ करने डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा आएंगे। डीएम वैभव श्रीवास्तव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अमृत क्रीड़ा महोत्सव को भव्य तरीके से मनाएं।
इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभा दिखाएंगे
जिला स्तरीय खेलकूद में विभिन्न स्पर्धाएं कराई जाएंगी। एथलेटिक्स में 100, 200, 400, 800, 1500, 3000 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक की स्पर्धा होगी। इसके अलावा कबड्डी, बैडमिंटन, कैरम, चेस, फुटबाल, हॉकी, ताइक्वांडों, वॉलीबाल व टेनिस के मुकाबले होंगे। इन प्रतियोगिताओं में ब्लॉक स्तर पर हुई अमृत क्रीड़ा महोत्सव में प्रथम स्थान पाने वाले खिलाड़ी और टीमें भाग लेंगी।
व्यवस्था के लिए बनाई समितियां
तीन दिवसीय खेलकूद में स्वागत, पुरस्कार, जलपान, साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं। कहीं कोई दिक्कत न आने पाए, इसके लिए वॉलेंटियर लगेंगे। निर्णायकों की संख्या 41 रहेगी। साफ-सफाई के लिए 40 कर्मचारी लगाए गए हैं। पानी के टैंकर समेत अन्य व्यवस्थाएं भी रहेंगी।