रायबरेली। जिले में इस बार ग्रीन पटाखों संग दिवाली मनाई जाएगी। कारण, प्रदेश के वायु प्रदूषित 27 जिलों में रायबरेली भी शामिल हैं।
इस वजह से जिले में प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों की बिक्री पर पाबंदी लगा दी है। तीन दिन के लिए अस्थायी लाइसेंस लेने वाले पटाखा दुकानदारों को ग्रीन आतिशबाजी बेचने के आदेश हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट पल्लवी मिश्रा ने बताया कि शासन स्तर पर वायु प्रदूषण की लगातार कई महीने से समीक्षा की गई। प्रदेश के 27 ऐसे जिले मिले हैं, जहां वायु प्रदूषण अधिक है। इसमें रायबरेली भी शामिल है।
इस वजह से दिवाली पर अधिक आवाज और धुआं निकालने वाले पटाखों पर इस बार पूरी तरह से पाबंदी लगाई गई है। इस संबंध में शासन से गाइड लाइन भी जारी कर दी गई है। ग्रीन पटाखों की बिक्री के आदेश दिए गए हैं।
शहर में इन चार स्थानों पर लगेंगी पटाखा दुकानें
स्थल दुकानों की संख्या
एमजीआईसी मैदान 50
गोराबाजार मैदान 50
आईटीआई मैदान 25
मुंशीगंज मैदान 25
तीन दिन लगेंगी 150 पटाखा दुकानें
दिवाली पर धनतेरस से तीन दिन तक पटाखा दुकानें लगेंगी। दुकानाें के लिए अस्थायी लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो गई है। शनिवार सुबह कलेक्ट्रेट में 150 लोगों ने आवेदन पत्र दिए। हर साल जीआईसी में लगने वाली पटाखा दुकानें इस बार एमजीआईसी के मैदान में लगेंगी।